जालबांधा पीएचसी में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन से टीबी-कुष्ठ रोग पहचान तक दिए निर्देश
सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति परखी, समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने और मैदानी निगरानी बढ़ाने पर दिया जोर
खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा में सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में सेक्टर स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें गर्भवती महिलाओं का एएनसी पंजीयन, प्रथम तिमाही में पंजीयन, चार या अधिक प्रसवपूर्व जांच, संस्थागत प्रसव, टीबी नोटिफिकेशन, कुष्ठ रोगियों की पहचान, नियमित टीकाकरण, एचपीवी टीकाकरण और यू-विन पंजीयन सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। डॉ. शुक्ला ने कम पंजीयन वाले स्वास्थ्य संस्थानों को प्रगति बढ़ाने, गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच सुनिश्चित करने और संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। साथ ही घर-घर भ्रमण कर टीबी एवं कुष्ठ रोग के संभावित मरीजों की पहचान करने और उन्हें जांच व उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

सीएमएचओ ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित पोर्टलों पर ऑनलाइन प्रविष्टियां समय पर पूर्ण करने, एचएमआईएस रिपोर्टिंग नियमित रखने और निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मितानिन प्रशिक्षकों को मितानिनों की बैठक लेकर कार्यक्रमों की समीक्षा करने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को अधीनस्थ स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव, डॉ. मोहम्मद असलम, सेक्टर सुपरवाइजर, एलएचवी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी (आरएचओ) सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी को मजबूत करना रहा।




