स्वामी विवेकानंद जयंती पर कायस्थ समाज ने मनाया राष्ट्रीय युवा दिवस, प्रतिभाओं का सम्मान

स्वामी विवेकानंद जयंती पर कायस्थ समाज ने मनाया राष्ट्रीय युवा दिवस, प्रतिभाओं का सम्मान

खैरागढ़. अखिल भारतीय कायस्थ महासभा महिला प्रकोष्ठ, जिला खैरागढ़–छुईखदान–गण्डई के तत्वावधान में मंगल भवन, टिकरीपारा छुईखदान में स्वामी विवेकानंद जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में गरिमामय ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना एवं आरती से हुआ, जिसके बाद स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उनके राष्ट्रनिर्माण से जुड़े विचारों को स्मरण किया गया। वक्ताओं ने विवेकानंद के आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और युवा शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला, वहीं नन्हे बच्चों ने कविता, भाषण और गायन के माध्यम से उनके आदर्शों को जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कायस्थ समाज के तीन होनहार युवाओं डाॅ. सुरभि–मृगांक खरे, स्नेहिल श्रीवास्तव एवं अंशुल बख्शी को “युवा प्रेरणा पुरस्कार–2026” से सम्मानित किया जाना रहा, जिन्हें उनकी प्रतिभा और समाज के प्रति योगदान के लिए प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में समाज के युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाकर शिक्षा, सेवा और संस्कार के माध्यम से राष्ट्र व समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।