डोंगरगढ़ की श्रीयंत्र प्रसाद योजना में भ्रष्टाचार की परतें उजागर, विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने किया औचक निरीक्षण
ठेलकाडीह. राज्य और केंद्र सरकार की संयुक्त योजना से निर्मित हो रहा श्रीयंत्र प्रसाद योजना का भवन भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण का प्रतीक बनता जा रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा यह भवन अभी पूरा भी नहीं हुआ, उससे पहले ही इसकी दीवारें और स्लैब जवाब देने लगे हैं। इसी को लेकर रविवार को डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ स्थल का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
स्लैब, दीवार और प्लास्टर ने खोली घटिया निर्माण की पोल
निरीक्षण के दौरान विधायक और कांग्रेस नेताओं ने देखा कि भवन के कई हिस्सों में स्लैब फटे हुए हैं, दीवारों में गहरी दरारें हैं और पीओपी की परतें उखड़ चुकी हैं। कई कमरों में सीपेज साफ नजर आ रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हैरानी की बात यह रही कि भवन का निर्माण अभी पूर्ण भी नहीं हुआ, लेकिन कई जगहों पर पहले से मरम्मत का काम शुरू हो चुका है, जो घटिया सामग्री और लापरवाही की ओर इशारा करता है।
बिना समिति और बिना निगरानी के चलता रहा करोड़ों का काम
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए किसी भी तरह की विधिवत समिति का गठन ही नहीं किया गया। न तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी गई और न ही निर्माण की प्रगति की कोई आधिकारिक समीक्षा की गई। इससे स्पष्ट होता है कि पूरा काम बिना निगरानी और पारदर्शिता के चलाया जा रहा है, जो भ्रष्टाचार की आशंका को और गहरा करता है। कार्य कब शुरू हुआ और कब पूरा होना है, इसकी भी कोई तय समय-सीमा सामने नहीं आई।
अधूरे भवन में सीपेज और चमगादड़, लापरवाही की हद पार
भवन के भीतर चमगादड़ों के झुंड का पाया जाना इस बात का प्रमाण है कि लंबे समय से काम ठप या बेहद धीमी गति से चल रहा है। यह न सिर्फ सरकारी धन की बर्बादी है, बल्कि आम जनता के विश्वास के साथ भी सीधा खिलवाड़ है।
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने मौके पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जो भवन बनने से पहले ही टूटने लगे, वह जनता के पैसों की खुली लूट है। यह साफ तौर पर भ्रष्टाचार और लापरवाही का मामला है। हम इसकी उच्चस्तरीय जांच कराएंगे और दोषी ठेकेदारों व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
कांग्रेस की चेतावनी— कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भी इस मामले में तीखी प्रतिक्रिया देते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के पैसे से बने इस भवन में हुई गड़बड़ियों को किसी भी कीमत पर दबने नहीं दिया जाएगा।
विकास की योजना बनी भ्रष्टाचार का स्मारक
श्रीयंत्र प्रसाद योजना का यह भवन, जो क्षेत्र के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाया जा रहा था, आज भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण का उदाहरण बन गया है। अब देखना यह है कि शासन-प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी तेजी और ईमानदारी से कार्रवाई करता है।



