धनेली-देवारीभाठ होते हुए बढ़ईटोला मार्ग के लिए 17 करोड़ स्वीकृत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के प्रयासों को मिली सफलता
खैरागढ़ - क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आवागमन को सुगम बनाने और सड़कों के जाल को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। खैरागढ़ ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले धनेली से देवारीभाठ, भरदाकला होते हुए बढ़ईटोला तक बनने वाली पक्की सड़क के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने 17 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस सड़क के निर्माण से दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को अब खराब सड़कों की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों की लगातार मांग पर विक्रांत सिंह ने की पहल
उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत देवारीभाठ के सरपंच एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह से इस मार्ग के नए निर्माण के लिए लंबे समय से मांग की जा रही थी। ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की इस जनहितकारी मांग को गंभीरता से लेते हुए विक्रांत सिंह ने शासन-प्रशासन स्तर पर लगातार पत्राचार और व्यक्तिगत प्रयास किए। उनके इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप अब लोक निर्माण विभाग द्वारा 17 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क के निर्माण की स्वीकृति जारी कर दी गई है।
क्षेत्रवासियों को मिलेगी जर्जर सड़क से राहत, सुगम होगा आवागमन
धनेली से देवारीभाठ, भरदाकला,बढ़ईटोला तक का यह मार्ग क्षेत्र का एक प्रमुख संपर्क मार्ग माना जाता है। पक्की सड़क बन जाने से धनेली, देवारीभाठ, भरदाकला और बढ़ईटोला सहित आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों, किसानों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में बहुत सुविधा होगी। इसके अलावा, बारिश के दिनों में कीचड़ और गड्ढों से होने वाली हादसों की आशंका भी खत्म हो जाएगी, जिससे स्थानीय व्यापार और परिवहन को गति मिलेगी।
भाजपा सरकार में ग्रामीण क्षेत्रों का हो रहा चौमुखी विकास: विक्रांत सिंह
सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की इस पुरानी मांग का पूरा होना यह दर्शाता है कि साय सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
विक्रांत सिंह ने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य की स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव तथा क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडे का विशेष आभार प्रकट किया है।



