शासन का तबादला आदेश बेअसर? कुटेली कला में नए सचिव को प्रभार नहीं, पुराने सचिव की जिम्मेदारी जारी

शासन का तबादला आदेश बेअसर? कुटेली कला में नए सचिव को प्रभार नहीं, पुराने सचिव की जिम्मेदारी जारी

6 जुलाई को रिंकी जंघेल का हुआ तबादला, नवीन पंचायत साखा में पदस्थापना; 30 जुलाई को जिला पंचायत ने फिर जारी किया तत्काल प्रभार ग्रहण कराने का आदेश

खैरागढ़। ग्राम पंचायत कुटेली कला में पंचायत सचिव के प्रभार को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। 6 जुलाई 2026 को जनपद पंचायत छुईखदान द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार कुटेली कला में पदस्थ पंचायत सचिव रिंकी जंघेल का प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरण कर उन्हें ग्राम पंचायत साखा में पदस्थ किया गया था। आदेश में संबंधित सचिवों को नवीन पंचायत में प्रभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानांतरण के बाद भी रिंकी जंघेल ने कुटेली कला पंचायत का प्रभार विधिवत नहीं छोड़ा है।

नए सचिव को प्रभार देने की बजाय पुरानी व्यवस्था जारी रहने का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार रिंकी जंघेल के स्थानांतरण के बाद श्री रमेश कुमार को कुटेली कला पंचायत में नवीन सचिव के रूप में प्रभार संभालना था, लेकिन उन्हें अब तक विधिवत प्रभार नहीं सौंपा गया है। इससे पंचायत के प्रशासनिक कामकाज को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब शासन स्तर से स्थानांतरण आदेश जारी हो चुका है तो नवीन सचिव को प्रभार सौंपकर पंचायत का कामकाज सुचारू रूप से संचालित किया जाना चाहिए।

30 जुलाई को जिला पंचायत सीईओ ने जारी किया कड़ा आदेश

मामले में जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने 30 जुलाई 2026 को जनपद पंचायत खैरागढ़ एवं छुईखदान के सीईओ को पत्र जारी कर स्थानांतरित पंचायत सचिवों को नवीन पदस्थ ग्राम पंचायत में तत्काल प्रभार ग्रहण कराने के निर्देश दिए। आदेश में कहा गया कि स्थानांतरण के बाद भी जिन सचिवों ने नवीन पंचायत में प्रभार ग्रहण नहीं किया है, उनकी नामवार सूची तत्काल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि नवीन पदस्थ पंचायत में प्रभार ग्रहण किए बिना जुलाई 2026 का वेतन आहरित एवं भुगतान नहीं किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर वेतन रोका जाएगा।

विशेष ग्राम सभा के समय भी प्रभार को लेकर उठे थे सवाल

इससे पहले 23 जुलाई 2026 को विशेष ग्राम सभा के आयोजन को लेकर जारी जनपद पंचायत छुईखदान के आदेश के दौरान भी कुटेली कला में सचिव की जिम्मेदारी और प्रभार को लेकर स्थिति सामने आई थी। ग्रामीणों का कहना है कि विशेष ग्राम सभा सहित पंचायत के नियमित प्रशासनिक कार्यों के लिए भी सचिव की भूमिका स्पष्ट रहना जरूरी है, लेकिन स्थानांतरण के बावजूद पुराना प्रभार जारी रहने से व्यवस्था को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार, जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

मामले को लेकर ग्रामीणों एवं पंचायत से जुड़े लोगों ने कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपकर स्थानांतरण आदेश का पालन कराने और कुटेली कला पंचायत का प्रभार नवीन सचिव को दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन के आदेश के बावजूद यदि प्रभार हस्तांतरण नहीं होता है तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रभार हस्तांतरण कर पंचायत का कामकाज व्यवस्थित नहीं कराया गया तो वे जिला पंचायत कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करेंगे।