खैरागढ़ कांग्रेस की नई टीम घोषित: मुढ़ीपार ब्लॉक की कमान अब तेजराम वर्मा के हाथ
खैरागढ़.प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिले में लंबे इंतजार के बाद शहर और ब्लॉक अध्यक्षों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। इस फेरबदल में सबसे प्रमुख नाम तेजराम वर्मा का उभरकर सामने आया है, जिन्हें मुढ़ीपार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने तेजराम वर्मा को फ्रंट लाइन में लाकर यह साफ कर दिया है कि आगामी चुनावों में अनुभवी और जमीनी पकड़ रखने वाले चेहरों पर ही दांव खेला जाएगा।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के गठन के बाद से ही संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर खींचतान चल रही थी, जिस पर अब विराम लग गया है। तेजराम वर्मा की नियुक्ति को मुढ़ीपार क्षेत्र में कांग्रेस को पुनर्जीवित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। उनके नाम की घोषणा होते ही समर्थकों में भारी उत्साह है और सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों का तांता लग गया है। जानकारों का मानना है कि वर्मा की सक्रियता का सीधा लाभ पार्टी को ग्रामीण वोट बैंक मजबूत करने में मिलेगा।
इसी सूची में अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की गई हैं, जिसमें डॉ. अरुण भारद्वाज को खैरागढ़ शहर की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा संदीप सिरमौर को खैरागढ़ ग्रामीण, रामकुमार पटेल को छुईखदान शहर और शत्रुघ्न चंदेल को गंडई ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रदेश नेतृत्व ने इन नियुक्तियों में क्षेत्रीय संतुलन और जातिगत समीकरणों का खास ख्याल रखा है। नई टीम की घोषणा के बाद अब संगठन जमीनी स्तर पर चुनावी मोड में नजर आने लगा है।



