खैरागढ़ में सखी वन स्टॉप सेंटर के लिए भर्ती शुरू, 2 फरवरी तक सीधे जमा होंगे आवेदन

खैरागढ़ में सखी वन स्टॉप सेंटर के लिए भर्ती शुरू, 2 फरवरी तक सीधे जमा होंगे आवेदन

खैरागढ़। जिले में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए संचालित होने वाले 'सखी वन स्टॉप सेंटर' के संचालन हेतु सेवा प्रदाताओं की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भारत सरकार के एकीकृत महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम 'मिशन शक्ति' के अंतर्गत संबल उपयोजना के तहत इस केंद्र को मंजूरी मिली है। जिला कार्यक्रम अधिकारी पी आर खुटेल ने जानकारी दी है कि इन पदों पर केवल महिला अभ्यर्थियों से ही सेवाएं ली जाएंगी और चयन की प्रक्रिया वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से संपन्न होगी।

इच्छुक और पात्र महिला अभ्यर्थी आगामी 2 फरवरी 2026 तक कार्यालयीन समय में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे के बीच अपना आवेदन व्यक्तिगत रूप से महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में जमा कर सकती हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डाक या किसी अन्य ऑनलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थियों का स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है। भर्ती से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और पात्रता की जानकारी जिले की आधिकारिक वेबसाइट तथा विभागीय सूचना पटल पर चस्पा की गई है।