साल्हेभरी में गूंजेगा भक्ति और लोक संस्कृति का संगम, रामायण–पंडवानी–फाग महोत्सव 15 फरवरी को
खैरागढ़. ग्राम साल्हेभरी (बढ़ईटोला) में रविवार 15 फरवरी को एक दिवसीय रामायण, पंडवानी, झांकी एवं फाग महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। युवा आदर्श समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में क्षेत्र की प्रसिद्ध मानस मंडलियों और लोक कलाकारों द्वारा दिनभर भक्ति और लोक परंपरा से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सुबह 11 बजे से अजय माँ अम्बे नंदगईहा जस-झांकी परिवार (महरूमकला, ठेलकाडीह) द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसके बाद ग्राम सिंघोरी (कबीरधाम) के कलाकारों द्वारा पंडवानी एवं लोकगीत प्रस्तुत किए जाएंगे। शाम को लोक रंजीनी फाग परिवार दैहान (बांधाबाजार) तथा रात्रि में जय मां सरस्वती वीणा वादिनी जस-झांकी मंडली (मुंदगांव गांव-डोंगरगढ़) की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।
आयोजकों ने बताया कि 16 फरवरी को विशेष रूप से मंडई मेला एवं रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है, जिसमें जय माँ महामाया छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक लोक रिकॉर्डिंग संस्था खलारी (बालोद) द्वारा लोक संस्कृति से भरपूर प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका इंदिरा चंद्रवंशी द्वारा किया जाएगा, जबकि साउंड व्यवस्था साहू साउंड सर्विस भरदाकला द्वारा की जाएगी। ग्रामवासियों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भक्ति और लोक संस्कृति के इस महोत्सव का आनंद लेने की अपील की है।



