अवंती विद्या मंदिर कुटेली कला में वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न दुष्यंत जंघेल बने मुख्य अतिथि

अवंती विद्या मंदिर कुटेली कला में वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न दुष्यंत जंघेल बने मुख्य अतिथि

00 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों की रही गरिमामयी उपस्थिति

खैरागढ़. अवंती विद्या मंदिर विद्यालय कुटेली कला में वार्षिक उत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुष्यंत जंघेल, जनपद सदस्य छुईखदान शामिल हुए। विशेष बात यह रही कि वे विद्यालय के भूतपूर्व छात्र भी हैं, जिससे उनका संबोधन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बना। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

वार्षिक उत्सव में गांव के बूथ अध्यक्ष भाजपा अवध जंघेल, सरपंच रूखुम जंघेल, उपसरपंच काजल संदीप जंघेल, तुका साहू, तुलसी साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और मंचीय कौशल की झलक साफ दिखाई दी।

विद्यालय के प्राचार्य मुकेश साहू ने अपने उद्बोधन में वार्षिक उत्सव को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलता है और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। साथ ही उन्होंने अतिथियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।