देवरी में गणतंत्र दिवस की धूम: सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, हर्षोल्लास के साथ हुआ ध्वजारोहण
खैरागढ़ । जिले के ग्राम देवरी में गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हर्षोल्लास और गौरव के साथ मनाया गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही नगर प्रभात फेरी की गूंज से सराबोर हो गया, जिसमें हाथों में तिरंगा लिए बच्चों के नारों ने पूरे गांव में देशभक्ति का संचार कर दिया। इस मुख्य समारोह में हाई स्कूल देवरी, प्राथमिक शाला देवरी, पूर्व माध्यमिक शाला देवरी और केजाऊ राम स्मृति विद्या मंदिर देवरी के विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। राष्ट्रभक्ति के गीतों पर थिरकते बच्चों और उनकी ओजपूर्ण प्रस्तुतियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सरपंच गंगोत्री वर्मा सहित रंजनी बाई कोठले वार्ड पंच और ब्लॉक अध्यक्ष तेजराम वर्मा मूढ़ीपार विशेष रूप से मौजूद रहे। आयोजन के दौरान ग्राम के वरिष्ठ नागरिक मैनू कोसरे, नारायण वर्मा अध्यक्ष केजाऊ राम चौरे स्मृति विद्या मंदिर देवरी , किशोरी वर्मा,सुकृत वर्मा ,लीलाधर वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों और ग्रामीणों ने अपनी गरिमामय उपस्थिति दर्ज कराई। अतिथियों ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। मंच से गूंजती देशभक्ति की धुनों के बीच प्रतिभावान बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया और अंत में मिष्ठान वितरण के साथ इस राष्ट्रीय उत्सव का भव्य समापन हुआ।



