सिन्हा कलार समाज का जिला स्तरीय महाकुंभ 17 जनवरी को, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल होंगे शामिल

सिन्हा कलार समाज का जिला स्तरीय महाकुंभ 17 जनवरी को,  मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल होंगे शामिल

खैरागढ़.सिन्हा कलार समाज जिला खैरागढ़–छुईखदान–गंडई द्वारा जिला गठन के बाद पहली बार भव्य जिला स्तरीय पारिवारिक मिलन, युवक–युवती परिचय सम्मेलन एवं सामाजिक भवन भूमि पूजन समारोह का आयोजन 17 जनवरी को श्री राम मंदिर बर्फानी धाम में किया जाएगा। समाज के जिलाध्यक्ष दीनदयाल सिन्हा ने बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ की जा रही हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल होंगे, जबकि अध्यक्षता सांसद संतोष पांडेय करेंगे।

कार्यक्रम में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक खैरागढ़ यशोदा नीलाम्बर वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष कलार समाज युवराज सिन्हा, विधायक बालोद संगीता सिन्हा, विधायक डोंगरगढ़ हर्षिता स्वामी बघेल, विधायक महासमुंद राजू सिन्हा सहित अनेक जनप्रतिनिधि व समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व संसदीय सचिव कोमल जंघेल, प्रदेश व जिला स्तर के कलार समाज के पदाधिकारी, युवा मंच एवं महिला मंच के प्रतिनिधि तथा समाज के कई प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे।

आयोजन की शुरुआत प्रातः शीतला मंदिर प्रांगण से श्री राम मंदिर तक भव्य कलश यात्रा से होगी, जिसके बाद प्रातः 11 बजे देवपूजन किया जाएगा। अतिथियों का आगमन दोपहर 12.30 बजे निर्धारित है। इस अवसर पर समाज की बहुप्रतीक्षित मांग पर बने सामाजिक भवन का विधिवत भूमि पूजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी, जिससे आयोजन और भी भव्य व यादगार बनेगा। आयोजकों ने समाज के सभी सदस्यों से बड़ी संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।