निर्वाचक सूची पुनरीक्षण पर खैरागढ़ में दलों की अहम बैठक, 1300 दावे-आपत्तियों की समीक्षा

निर्वाचक सूची पुनरीक्षण पर खैरागढ़ में दलों की अहम बैठक, 1300 दावे-आपत्तियों की समीक्षा

खैरागढ़. विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 73–खैरागढ़ में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) को लेकर मंगलवार को राजनैतिक दलों की तृतीय साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में भाजपा, कांग्रेस, बसपा और आम आदमी पार्टी के जिला स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर जारी प्रारंभिक मतदाता सूची और अब तक प्राप्त दावे-आपत्तियों की विस्तृत जानकारी सभी दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि 23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारंभिक मतदाता सूची पर 5 से 11 जनवरी के बीच कुल 1300 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें सबसे अधिक 1163 आवेदन नाम जोड़ने से जुड़े हैं। इसके अलावा नाम हटाने, सुधार और स्थानांतरण से संबंधित भी आवेदन मिले हैं। सभी विवरण राजनीतिक दलों को प्रस्तुत कर उनकी पावती ली गई तथा प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए फोटो व वीडियो आयोग के पोर्टल पर अपलोड किए गए। साथ ही दावा-आपत्ति प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए आवश्यक फॉर्म भी दलों को उपलब्ध कराए गए।