9 अक्टूबर को खैरागढ़ में सजेगी संगीतमय नाट्य संध्या ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’

9 अक्टूबर को खैरागढ़ में सजेगी संगीतमय नाट्य संध्या ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’

इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में विद्यार्थी मंच पर जीवंत करेंगे सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की कहानियां

खैरागढ़. जिले में 9 अक्टूबर को जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ का आयोजन किया जाएगा। संगीतमय नाट्य संध्या शाम 4:30 बजे इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. नरेंद्र देव वर्मा प्रेक्षागृह क्रमांक-2 में होगी। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं पिछले 25 वर्षों की सेवा यात्रा, समाज सेवा, जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को संगीतमय नाटक के जरिए मंच पर प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही विद्यार्थियों की ओर से देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नृत्य की प्रस्तुति भी दी जाएगी।

कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, कला जगत से जुड़े प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे। प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों को अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, वहीं दर्शकों को सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने और इस प्रेरणादायी सांस्कृतिक संध्या का हिस्सा बनने की अपील की है।