विकास के नए अध्याय की शुरुआत, सांसद संतोष पाण्डेय ने किया भूमिपूजन

विकास के नए अध्याय की शुरुआत, सांसद संतोष पाण्डेय ने किया भूमिपूजन

कन्या महाविद्यालय और लाइवलीहुड संस्थान के भवन की रखी आधारशिला, टीबी मुक्त पंचायतों का हुआ सम्मान

खैरागढ़. जिले में गुरुवार को शिक्षा, आजीविका और स्वास्थ्य से जुड़े विकास कार्यों की नई शुरुआत हुई। सांसद संतोष पाण्डेय ने खैरागढ़ के शासकीय कन्या महाविद्यालय के नवीन भवन तथा जिले में स्थापित नवीन लाइवलीहुड संस्थान के भवन निर्माण का भूमिपूजन किया। दोनों भवनों के निर्माण पर कुल 877.09 लाख रुपये यानी करीब 8.77 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कन्या महाविद्यालय भवन के लिए 465.84 लाख और लाइवलीहुड संस्थान के लिए 411.25 लाख रुपये स्वीकृत हैं। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि विकास केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं, बल्कि इन सुविधाओं के माध्यम से नई पीढ़ी के लिए शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर तैयार करना ही इसका वास्तविक उद्देश्य है।

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि कन्या महाविद्यालय के नए भवन से क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं लाइवलीहुड संस्थान को युवाओं के कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ कौशल जरूरी है, जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण लेकर आजीविका के नए अवसर मिल सकें। नए भवन से जिले में आजीविका और कौशल विकास की गतिविधियों को बेहतर संस्थागत आधार मिलने की उम्मीद है।

इसी दौरान सांस्कृतिक भवन खैरागढ़ में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें टीबी उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंगदान एवं नेत्रदान के क्षेत्र में योगदान देने वालों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए, जबकि जरूरतमंदों को प्रेसबायोपिक चश्मों का वितरण किया गया। सांसद ने टीबी उन्मूलन, अंगदान और नेत्रदान जैसे सामाजिक सरोकारों में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में विधायक यशोदा वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।