अवैध खाद-कीटनाशक भंडारण पर कृषि विभाग की कार्रवाई, गोदाम सील
खैरागढ़. खरीफ सीजन 2026 में किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने और उर्वरक-कीटनाशकों की नियम विरुद्ध बिक्री एवं भंडारण पर रोक लगाने कृषि विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन एवं उप संचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने गंडई के कृषि केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बाजार चौक स्थित हरिओम कृषि केन्द्र द्वारा विभाग को गुमराह कर धमधा रोड पर अवैध रूप से संचालित किए जा रहे गोदाम को सील कर दिया गया। गोदाम में मिले संदेहास्पद कीटनाशक एवं उर्वरक जब्त कर कृषि केन्द्र संचालक नीरज अग्रवाल को सुपुर्द किए गए हैं। वहीं राघवेन्द्र कृषि केन्द्र में उर्वरक नियंत्रण आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
250 लीटर अवैध जैव उत्प्रेरक जब्त, तीन कृषि केन्द्रों पर कार्रवाई
कृषि विभाग ने बिना स्रोत प्रमाण पत्र के कृषि आदानों के विक्रय एवं भंडारण के खिलाफ भी कार्रवाई की है। खैरागढ़ विकासखंड के रेंगाकठेरा स्थित दक्ष एग्रोटेक से निरीक्षण के दौरान 250 लीटर अवैध जैव उत्प्रेरक जब्त कर प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। इसके अलावा भंडारणपुर स्थित सूर्याश कृषि केन्द्र और परसाही स्थित प्राची कृषि केन्द्र में बिना अनुज्ञप्ति जैव उर्वरक का विक्रय पाए जाने पर संबंधित स्टॉक जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना निर्धारित प्रक्रिया के उर्वरक एवं कीटनाशकों का विक्रय या भंडारण, स्टॉक का उचित संधारण नहीं करना, अनुज्ञप्ति की शर्तों का उल्लंघन अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत व्यापार करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



