आयुष मेले में बुजुर्गों को मिली सहारे की छड़ी और श्रवण यंत्र, दैनिक जीवन होगा आसान

आयुष मेले में बुजुर्गों को मिली सहारे की छड़ी और श्रवण यंत्र, दैनिक जीवन होगा आसान

खैरागढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला आयुष विभाग द्वारा पिपरिया वार्ड क्रमांक-01 स्थित प्राथमिक शाला परिसर में जिला स्तरीय आयुष मेले का आयोजन किया गया। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सुशीला बंजारे के मार्गदर्शन में आयोजित मेले में समाज कल्याण विभाग की ओर से 10 बुजुर्गों को चलने-फिरने में सहायता के लिए छड़ी और एक बुजुर्ग को सुनने में मदद के लिए श्रवण यंत्र वितरित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह रहे। वहीं समाजसेवी घम्मन साहू, शैलेन्द्र वर्मा और हर्षवर्धन वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

सहायक उपकरण मिलने से बुजुर्गों को आवागमन और दैनिक गतिविधियों में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बुजुर्गों की कठिनाइयों को कम कर उन्हें अधिक सुविधाजनक और आत्मनिर्भर जीवन जीने में सहायता प्रदान करना है। कार्यक्रम में जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सुशीला बंजारे, समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक कमलेश कुमार पटेल सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।