अंधे कत्ल का खुलासा: बुजुर्ग की हत्या कर रची चोरी की साजिश, आरोपी गिरफ्तार
खैरागढ़.थाना ठेलकाडीह क्षेत्र के ग्राम गहिरा-गोपालपुर में हुए बुजुर्ग की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए जिला पुलिस केसीजी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। 27 फरवरी 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि गुवाल वर्मा के पिता लेडगूराम वर्मा की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड एवं एफएसएल की सीन ऑफ क्राइम यूनिट को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में घर में तोड़फोड़ और खिड़की टूटने के कारण मामला चोरी से जुड़ा प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस ने संदेह के आधार पर गहन जांच जारी रखी।
जांच के दौरान ग्रामीणों, पंच गवाहों और परिजनों से पूछताछ के आधार पर संदेही बिरेन्द्र कुमार वर्मा (पिता रामकुमार वर्मा), निवासी गहिरा-गोपालपुर को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मृतक लेडगूराम वर्मा रोज उसके घर आते-जाते थे और घर व खेती के काम को लेकर उसे अपमानित करते थे। साथ ही परिवार की महिला पर गलत नजर रखने के संदेह से वह आक्रोशित था। इसी आक्रोश में 26 फरवरी की रात लगभग 11 बजे वह कुल्हाड़ी (टंगिया) लेकर मृतक के घर पहुंचा और सोते समय सिर पर तीन वार कर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद घटना को चोरी का रूप देने के लिए खिड़की तोड़ी और आलमारी में तोड़फोड़ की। आरोपी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया, खून से सने कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी ग्राम कोतवाल का पुत्र है। विवेचना के दौरान आरोपी ने बचने के लिए कई अन्य लोगों के नाम भी लिए, किंतु साक्ष्य के अभाव में किसी अन्य की संलिप्तता प्रमाणित नहीं हुई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपी द्वारा दिए गए अन्य नाम केवल गुमराह करने का प्रयास था। मंगलवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एडिशनल एसपी निलेश गौतम ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामला सुलझाया गया है तथा आरोपी को 3 मार्च 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि विवेचना अभी जारी है और यदि आगे कोई तथ्य सामने आता है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी



