गंडई पुलिस की जुआरियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, तीन मामलों में 9 आरोपी पकड़ाए
लिमों, हरडंडा और लालपुर में दबिश देकर ताश की 52 पत्ती और 2180 रुपये नकद जब्त, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज किए गए तीन मामले
गंडई। थाना क्षेत्र में अवैध रूप से ताश की 52 पत्ती पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलने वालों के खिलाफ गंडई पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में 9 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने ग्राम लिमों के शीतला तालाब, हरडंडा के पीपल चौक और लालपुर गौठान के पास दबिश देकर जुआरियों के कब्जे से कुल 2180 रुपये नकद, ताश की 52 पत्ती और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही अन्य सामग्री जब्त की। तीनों मामलों में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद जमानत मुचलके पर छोड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को ग्राम लिमों के शीतला तालाब के पास जुआ खेलने की सूचना पर कार्रवाई की गई। यहां शेख अमीर (36), प्रमोद कुमार पोर्ते (24) और जयराम पटेल (50) के कब्जे से 650 रुपये नकद और ताश की 52 पत्ती जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 326/2026 दर्ज किया गया। वहीं, 18 अक्टूबर को ग्राम हरडंडा के पीपल चौक के पास दबिश देकर छन्नुदास बंजारे (40) और शिव सतनामी (38) को पकड़ा गया। इनके पास से 720 रुपये नकद, ताश की 52 पत्ती और एक प्लास्टिक की बोरी जब्त कर अपराध क्रमांक 327/2026 दर्ज किया गया।
इसी क्रम में पुलिस ने ग्राम लालपुर के गौठान के पास जुआ खेलने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए छन्नु पटेल (33), सबित लाल (46), फुलदास पटेल (48) और परशुराम पटेल (35) को पकड़ा। इनके कब्जे से 810 रुपये नकद और ताश की 52 पत्ती जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 329/2026 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




