बढ़ईटोला में घरों से महज 3 मीटर दूरी पर संचालन हो रहा अवैध ईट भट्ठे ग्रामीणों ने की शिकायत

बढ़ईटोला में घरों से महज 3 मीटर दूरी पर संचालन हो रहा अवैध ईट भट्ठे ग्रामीणों ने की शिकायत

बस्ती से 3 मीटर दूर भट्ठा, ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम बढ़ईटोला में कथित अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठे को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर केसीजी एवं एसडीएम खैरागढ़ के नाम ज्ञापन सौंपते हुए भट्ठे के संचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना अनुमति गांव की बस्ती से सटाकर लाल ईंट भट्ठा संचालित किया जा रहा है, जिससे लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

धुएं, धूल और आग के ताप से ग्रामीण परेशान, जनहानि की आशंका

ग्रामीणों का कहना है कि ईंट भट्ठा बस्ती से मात्र तीन मीटर की दूरी पर स्थित है। भट्ठे में कई महीनों तक लगातार आग जलने के कारण उसका ताप सीधे आसपास के घरों तक पहुंच रहा है। वहीं धूल और धुएं से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 50 मीटर के दायरे में करीब 20 मकान, खलिहान, कोठार और पैरावट मौजूद हैं, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे और जनहानि की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने भट्ठे को गांव से 500 से 800 मीटर दूर संचालित करने की मांग की है।

सोनपुरी, घोटिया, दामरी, उदयपुर, साल्हेवारा समेत जिले में फैला अवैध कारोबार

ग्रामीणों की शिकायत के बीच अब जिला स्तर पर भी अवैध ईंट भट्ठों का मुद्दा उठने लगा है। जिले के सोनपुरी, घोटिया, दामरी, उदयपुर, साल्हेवारा सहित कई क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ईंट भट्ठे संचालित होने की चर्चा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिलेभर में सैकड़ों ईंट भट्ठे नियमों और पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण और ग्रामीण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

कार्रवाई की तेज, प्रशासन की भूमिका पर टिकी निगाहें

ज्ञापन सौंपने के दौरान जागेश्वर तिलक, तेजराम, टिकेंद्र, ज्ञानिक, देवनाथ, भोजराज वर्मा, रमेश, पप्पू, परमेश्वर, झन्नूलाल, लोकनाथ, संगीता वर्मा (पंच), वेदराम वर्मा, शिवकुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अब ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन बढ़ईटोला के साथ-साथ पूरे जिले में संचालित अवैध ईंट भट्ठों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे।