स्वामी विवेकानंद स्कूल में राष्ट्रीय युवा दिवस पर विधिक साक्षरता शिविर, छात्रों को मिले महत्वपूर्ण कानूनी संदेश
खैरागढ़. स्वामी विवेकानंद स्कूल खैरागढ़ में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश मोहनी कंवर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि शर्मा, वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत, स्कूल के संस्थापक सचिन बघेल, वरिष्ठ अधिवक्ता मिहिर झा और पैरालीगल वालंटियर गोलूदास साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस शिविर में विद्यार्थियों को पास्को एक्ट, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, बाल विवाह निषेध अधिनियम, साइबर अपराध और घरेलू हिंसा जैसे विषयों पर सरल भाषा में जानकारी दी गई, ताकि बच्चे अपने अधिकारों को समझ सकें और किसी भी गलत स्थिति में मदद ले सकें।
मुख्य वक्ताओं ने शिक्षा, आत्मविश्वास और कानून की जानकारी को जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया। न्यायाधीश मोहनी कंवर और सीजेएम निधि शर्मा ने बच्चों को कानून के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी, वहीं सचिन बघेल ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को उद्धृत करते हुए शिक्षा को व्यक्तित्व निर्माण की कुंजी बताया। वरिष्ठ अधिवक्ता मिहिर झा ने बच्चों को किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत माता-पिता, शिक्षक या पुलिस से संपर्क करने की सीख दी। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत बना दिया और बड़ी संख्या में मौजूद अभिभावकों व शिक्षकों ने इस पहल को अत्यंत उपयोगी बताया



