सिंघौरी में अवैध उर्वरक भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 600 बोरी खाद जब्त कर गोदाम सीलबंद

सिंघौरी में अवैध उर्वरक भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 600 बोरी खाद जब्त कर गोदाम सीलबंद

रिपोर्टर उमेश्वर वर्मा 

खैरागढ़. आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद और कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जिले में निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की टीम ने विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम सिंघौरी में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित उर्वरक जब्त किया। निरीक्षण के दौरान मोतीपाल के घर स्थित गोदाम में बिना नाम, कंपनी और बैच नंबर वाले सफेद प्लास्टिक बोरों में उर्वरक रखा पाया गया, जिसे नियमों का उल्लंघन माना गया।

कृषि विभाग की टीम ने मौके से लगभग 600 सफेद प्लास्टिक बोरी उर्वरक बरामद किए। जांच के दौरान खाद का कोई वैध दस्तावेज या अधिकृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। इसके बाद विभाग ने उर्वरक का नमूना लेकर परीक्षण के लिए सुरक्षित किया और पूरे गोदाम को सीलबंद करते हुए जब्ती की कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार बिना पहचान और मानक विवरण वाले उर्वरक का भंडारण किसानों के हितों के साथ गंभीर खिलवाड़ है।

कार्रवाई सहायक संचालक कृषि लुकमान साहू के नेतृत्व में की गई। विभाग ने उर्वरक नियंत्रण आदेश के उल्लंघन के मामले में संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही प्रमाणित खाद एवं कृषि सामग्री खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल विभाग को दें।