खैरबना में दो माह से राशन नहीं, ग्रामीणों में आक्रोश

खैरबना में दो माह से राशन नहीं, ग्रामीणों में आक्रोश

खैरागढ़. ग्राम पंचायत डोकराभाठा के आश्रित ग्राम खैरबना में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की गंभीर लापरवाही सामने आई है। ग्रामीणों को दिसंबर माह का चावल अब तक नहीं मिला, वहीं जनवरी का राशन भी वितरित नहीं किया गया। आरोप है कि दिसंबर में सभी कार्डधारकों से अंगूठे के निशान तो ले लिए गए, लेकिन चावल नहीं दिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि डोकराभाठा मुख्य गांव में जनवरी का राशन बांटा जा चुका है, जबकि खैरबना के लोग अब भी दोनों महीनों के राशन से वंचित हैं। इससे भेदभाव और अनियमितता के आरोप लग रहे हैं। चावल विक्रेता पर दुर्व्यवहार का आरोप भी लगाया गया है।

खैरबना के नागरिकों ने खाद्य विभाग से गांव में ही राशन वितरण, लंबित चावल की तत्काल आपूर्ति और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। खाद्य विभाग ने शीघ्र वितरण का आश्वासन दिया है, लेकिन ग्रामीणों ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।