आमदनी–सिंगारघाट में विकास की शुरुआत, लाखों के विकास कार्यों का भूमि पूजन
खैरागढ़. ग्राम पंचायत आमदनी एवं सिंगारघाट में मंगलवार 13 जनवरी को विभिन्न जनहितैषी विकास कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद संतोष पाण्डेय रहे, जबकि अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह, राकेश गुप्ता पूर्व जिला पंचायत सभापति धम्मन साहू, जनपद उपाध्यक्ष लखन साहू, जनपद पंचायत सभापति शैलेन्द्र मिश्रा, मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा, जनपद सदस्य कोमल वर्मा, चंदू वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। आमदनी पंचायत की सरपंच पूर्णिमा दिनेश ठाकुर, उपसरपंच ममता लोमेश यदु, सिंगारघाट पंचायत के सरपंच देवीलाल कंवर, उपसरपंच सुखदेव साहू तथा सचिव भगबली वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।
दोनों पंचायतों में सड़क, तालाब, नाली, भवन और स्ट्रीट लाइट के कार्यों की शुरुआत
भूमि पूजन के दौरान ग्राम पंचायत आमदनी अंतर्गत भोरमपुर में सी.सी. रोड निर्माण (लागत 10 लाख रुपये), भोरमपुर तालाब पचरीकरण (5 लाख रुपये), आमदनी तालाब पचरीकरण (5 लाख रुपये) तथा आमदनी में नाली निर्माण कार्य (1.80 लाख रुपये) की शुरुआत की गई। वहीं ग्राम पंचायत सिंगारघाट में सामुदायिक भवन निर्माण (6.50 लाख रुपये), सी.सी. रोड निर्माण (2 लाख रुपये), नाली निर्माण (1.75 लाख रुपये), स्ट्रीट लाइट उन्नयन (4.20 लाख रुपये) एवं लाईट एवं सौंदर्यीकरण कार्य (0.80 लाख रुपये) का भूमि पूजन किया गया। इन सभी कार्यों पर कुल मिलाकर 37 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च होगी, जिससे दोनों पंचायतों के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

सांसद संतोष पाण्डेय बोले – गांवों का विकास ही देश के विकास की असली पहचान
मुख्य अतिथि सांसद संतोष पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि गांवों का विकास ही देश के विकास की असली पहचान है। आमदनी और सिंगारघाट में आज जिन कार्यों की शुरुआत हुई है, वे ग्रामीणों के जीवन को सुगम बनाएंगे। सड़क, नाली, तालाब और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं गांवों में रहने की गुणवत्ता को बढ़ाती हैं। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यह सुनिश्चित कर रही है कि हर गांव तक विकास की रोशनी पहुंचे और किसी भी क्षेत्र को पीछे न छोड़ा जाए।
राजेश्री त्रिपाठी का संदेश – विकसित भारत का सपना गांवों से ही होगा साकार
भोरमपुर में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी ने उपस्थित ग्रामीणों से भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के जयघोष के साथ सांसद संतोष पाण्डेय का जोरदार स्वागत कराया और कहा कि क्षेत्र में लाखों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत होने के लिए वे भाजपा सरकार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सांसद संतोष पाण्डेय के प्रति जनता की ओर से आभार व्यक्त करती हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत–2047’ विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सपना तभी साकार होगा जब गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचे, जिसके लिए स्वच्छता, बच्चों की शिक्षा और संस्कारों पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने योजनाबद्ध और संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर देते हुए विकसित भारत-जी-राम-जी जैसी नई योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना आधारित रोजगार और 125 दिन के कार्य अवसर मिलने की बात कही तथा महिला सशक्तिकरण के लिए चल रहे प्रयासों की भी सराहना की। अंत में उन्होंने सांसद संतोष पाण्डेय सहित मंचासीन अतिथियों और कार्यक्रम में शामिल समस्त ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास में सहयोग की अपील की।

भोरमपुर और सिंगारघाट में भाजपा को मजबूती, 17 लोगों ने थामा कमल का दामन
भोरमपुर में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस को करारा झटका देते हुए 17 लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा में शामिल होने वालों में सिंगारघाट के बूथ अध्यक्ष एवं सरपंच देवी लाल कंवर, मनोहर निषाद, जोहन निषाद, कांशीराम यादव सहित कुल 17 लोगो को जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी ने स्वयं भाजपा में शामिल करवाया। सांसद संतोष पांडे सभी नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं को भाजपा का गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर सभी लोगों ने भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों की सराहना करते हुए पार्टी की विचारधारा पर विश्वास जताया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

भोरमपुर कार्यक्रम में साहू भवन का लोकार्पण और स्वच्छता को मिली नई ताकत
भोरमपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद संतोष पांडे ने साहू समाज भवन का विधिवत लोकार्पण किया, जिससे समाजिक गतिविधियों को नया केंद्र मिला। इसी अवसर पर ग्राम पंचायत सिंगारघाट एवं आमदानी को गार्बेज ट्राईसाइकिल भी वितरित की गई, ताकि गांवों में कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था को नियमित एवं प्रभावी बनाया जा सके। सांसद संतोष पांडे ने कहा कि स्वच्छता और सामाजिक अधोसंरचना ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की आधारशिला है, और इन सुविधाओं से दोनों पंचायतों में स्वच्छ, स्वस्थ और सुव्यवस्थित वातावरण बनाने में मदद मिलेगी। अंत में पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि ये कार्य आमदनी और सिंगारघाट को विकास की नई दिशा देंगे।



