वार्ड 19 टिकरापारा में राजू यदु की दावेदारी मजबूत, शिक्षा और सामाजिक सक्रियता बनी पहचान

वार्ड 19 टिकरापारा में राजू यदु की दावेदारी मजबूत, शिक्षा और सामाजिक सक्रियता बनी पहचान

टिकरापारा पुल के लिए सत्याग्रह से लेकर छात्र राजनीति तक सक्रिय भूमिका, भाजपा से टिकट की तैयारी

खैरागढ़. नगर पालिका चुनाव को लेकर वार्ड क्रमांक 19 गोकुल नगर-टिकरापारा में भाजपा से पार्षद पद के लिए राजू यदु का नाम प्रबल दावेदार के रूप में सामने आ रहा है। इससे पहले भी वे पार्षद चुनाव लड़ चुके हैं और इस बार फिर चुनाव मैदान में उतरने की इच्छा जाहिर की है। भाजपा से टिकट के लिए उनकी तैयारी चल रही है। स्थानीय समस्याओं को लेकर सक्रिय रहने वाले राजू यदु ने टिकरापारा पुल की समस्या को लेकर सत्याग्रह आंदोलन किया था और मोहल्ले में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया। वे पत्रकारिता के माध्यम से भी लगातार शहर और वार्ड की समस्याओं को उठाते रहे हैं।

शिक्षा और छात्र राजनीति का भी रहा अनुभव

राजू यदु की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी उनकी दावेदारी को अलग पहचान देती है। उन्होंने समाजशास्त्र में एमए, बैचलर ऑफ जर्नलिज्म (BJMC) और लोक संगीत में एमए की शिक्षा प्राप्त की है। छात्र जीवन में भी वे सक्रिय रहे तथा छात्र संघ के निर्विरोध उपाध्यक्ष और सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा प्रतिष्ठित संस्थानों में पत्रकारिता एवं ब्यूरो स्तर पर कार्य करने का अनुभव भी उनके साथ रहा है।

जनमुद्दों पर बेबाकी से आवाज उठाने की पहचान

राजू यदु की खासियत यह रही है कि वे स्थानीय समस्याओं को लेकर अपनी बात बेबाकी से रखने के लिए जाने जाते हैं। राजनीतिक या सार्वजनिक मंच हो अथवा सोशल मीडिया, वे अपने नगर और वार्ड की समस्याओं को लगातार सामने रखते रहे हैं। फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से भी वे शहर की समस्याओं और लोगों की पीड़ा को प्रमुखता से उठाते हैं। टिकरापारा पुल को लेकर उनका आंदोलन और हस्ताक्षर अभियान भी इसी सक्रियता का हिस्सा रहा है।

वार्ड विकास के एजेंडे के साथ मैदान में उतरने की तैयारी

आरक्षण के बाद वार्ड 19 OBC मुक्त होने से चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजू यदु अब वार्ड के विकास और स्थानीय समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाकर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। भाजपा से टिकट के लिए उनकी दावेदारी के बीच वार्ड में उनके नाम को लेकर चर्चा तेज है। हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी संगठन को करना है, लेकिन स्थानीय मुद्दों पर सक्रियता, शिक्षा, पत्रकारिता और छात्र राजनीति का अनुभव राजू यादव की दावेदारी को मजबूत आधार देता नजर आ रहा है।