खैरागढ़ में ‘संकल्प की रंगोली’ ने बिखेरे विकास के रंग

खैरागढ़ में ‘संकल्प की रंगोली’ ने बिखेरे विकास के रंग

25 वर्षों की विकास यात्रा को छात्राओं ने रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति से दिया जीवंत रूप

खैरागढ़. सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका सांस्कृतिक भवन खैरागढ़ में ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग—संकल्प की रंगोली’ का भव्य आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के सहयोग से तैयार विशाल रंगोली में शिक्षा, अधोसंरचना, सामाजिक विकास, संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति को रंगों और आकृतियों के माध्यम से आकर्षक रूप दिया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जांजगीर लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े रहीं, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री विक्रांत सिंह ने की। इस दौरान कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

रंगोली के अवलोकन के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, मेहनत और सामूहिक सहभागिता की सराहना की। मुख्य अतिथि कमलेश जांगड़े ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच से विकास की तस्वीर को बेहद सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, लक्ष्य निर्धारित करने तथा डॉक्टर, इंजीनियर सहित अपनी रुचि के क्षेत्रों में आगे बढ़कर परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि ‘संकल्प की रंगोली’ केवल रंगों की प्रस्तुति नहीं, बल्कि विकास और सेवा की भावना को अभिव्यक्त करने का रचनात्मक माध्यम है।

आयोजन के लिए उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को नोडल विभाग बनाया गया था। रानी देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़, नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय खैरागढ़ तथा राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से रंगोली तैयार की। शिक्षा के विस्तार से लेकर अधोसंरचना, सामाजिक विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों तक 25 वर्षों की विकास यात्रा को अलग-अलग रंगों और आकृतियों में उकेरा गया। विद्यार्थियों की इस कलात्मक प्रस्तुति ने सेवा, विकास और जनभागीदारी के संदेश को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया।