इंदिरा आवास के रहवासियों को रास्ता नहीं मिला तो चक्काजाम की चेतावनी, चुनाव बहिष्कार का भी ऐलान

इंदिरा आवास के रहवासियों को रास्ता नहीं मिला तो चक्काजाम की चेतावनी, चुनाव बहिष्कार का भी ऐलान

कन्या महाविद्यालय के आसपास से आवागमन के लिए रास्ता देने की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

खैरागढ़। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 20 स्थित इंदिरा आवास के रहवासियों ने आवागमन के लिए सुगम रास्ता उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जिला प्रशासन से गुहार लगाई है। वार्डवासियों ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में कन्या महाविद्यालय के आसपास अथवा बगल से इंदिरा आवास तक आने-जाने के लिए उचित मार्ग की व्यवस्था करने की मांग की है। रहवासियों के अनुसार, 13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने के बाद 14 अक्टूबर को संबंधित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन समस्या के समाधान को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। वार्ड में मजदूर परिवारों के साथ स्कूली बच्चे, महाविद्यालयीन विद्यार्थी, बुजुर्ग, बीमार व्यक्ति और दिव्यांगजन निवास करते हैं। रास्ते की समुचित व्यवस्था नहीं होने से इन सभी को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में कन्या महाविद्यालय का निर्माण कार्य जारी है, ऐसे में वार्डवासियों ने निर्माण के आसपास से वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।

वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर प्रशासन ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया, तो वे चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। साथ ही आगामी नगरीय निकाय चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी भी दी गई है। रहवासियों का कहना है कि रास्ता केवल आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि बच्चों की पढ़ाई, मरीजों की आवाजाही और बुजुर्गों सहित दिव्यांगजनों की दैनिक जरूरतों से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने कलेक्टर से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर जल्द उचित मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। अब इस मामले में जिला प्रशासन की पहल और रास्ते की समस्या के समाधान को लेकर होने वाली कार्रवाई पर वार्डवासियों की नजर है।