नगरवासी पहुंचे पालिका का घेराव करने, तब जागा प्रशासन! 12 दिन से प्यासे अटल आवास के रहवासी, हंगामे के बाद तत्काल जलापूर्ति का आश्वासन
खैरागढ़. नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के वार्ड क्रमांक 20 स्थित अटल आवास कॉलोनी में पिछले 12 से 15 दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से नाराज रहवासियों का शुक्रवार को गुस्सा फूट पड़ा। समाजसेवी राजू यदु के नेतृत्व में करीब 20 से 30 महिला-पुरुषों ने नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर और सीएमओ पुनीत राम वर्मा के खिलाफ नारे लगाते हुए सवाल उठाया कि आखिर आम जनता की बुनियादी जरूरत पानी के लिए पालिका प्रशासन इतने दिनों तक क्यों सोया रहा? रहवासियों का आरोप है कि कॉलोनी में पानी नहीं पहुंचने से रोजमर्रा के कामकाज, महिलाओं की दिनचर्या और बच्चों को स्कूल भेजने तक में भारी परेशानी हो रही है, जबकि टैंकरों से की जा रही वैकल्पिक व्यवस्था भी पर्याप्त और नियमित नहीं है।
घेराव के बाद आमने-सामने आए राजू यदु और सीएमओ, हुई तीखी बहस
प्रदर्शन के दौरान राजू यदु ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोग करीब 15 दिनों से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समय रहते समाधान नहीं कर रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक नागरिक खुद नगर पालिका पहुंचकर आवाज नहीं उठाते, तब तक समस्या का निराकरण नहीं होता। इसी दौरान सीएमओ पुनीत राम वर्मा ज्ञापन लेने पहुंचे तो राजू यदु ने तत्काल पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। सीएमओ ने त्वरित व्यवस्था कराने और इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। इस पर राजू यदु ने सवाल किया कि जब समस्या इतने दिनों से बनी हुई थी, तो पहले कार्रवाई क्यों नहीं की गई? बातचीत के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस भी हुई। सीएमओ ने आवाज ऊंची नहीं करने की बात कही, जिस पर राजू यदु ने नाराजगी जताते हुए अपनी बात मजबूती से रखी।

पंप हाउस की मशीन खराब, वार्षिक मरम्मत ठेका नहीं होने पर भी उठे सवाल
रहवासियों की शिकायत के अनुसार, पेयजल आपूर्ति बंद होने की मुख्य वजह पंप हाउस की मशीन खराब होना है। प्रदर्शनकारियों ने जल विभाग में मशीनों की मरम्मत और तकनीकी संसाधनों की नियमित व्यवस्था के लिए वार्षिक रखरखाव ठेका नहीं होने पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि समय पर मरम्मत की व्यवस्था होती, तो नागरिकों को इतने दिनों तक पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ता। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि खराब मशीन को तत्काल दुरुस्त कर नियमित नल जल आपूर्ति बहाल की जाए। जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक पर्याप्त पानी के साथ निश्चित समय पर टैंकरों के फेरे बढ़ाए जाएं और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का स्थायी निराकरण नहीं होने पर आंदोलन, धरना और चक्काजाम किया जाएगा।
पार्षदों ने संभाली स्थिति, निजी व्यवस्था से पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन
घेराव के दौरान पार्षद अजय जैन ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। राजू यदु ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि जनता की पानी जैसी गंभीर समस्या को प्रभावी ढंग से नहीं उठा रहे हैं, तो रहवासियों को सीधे जिम्मेदार अधिकारियों और पालिका अध्यक्ष के खिलाफ आवाज उठानी पड़ेगी। इस दौरान पार्षद अजय जैन ने लोगों को आश्वासन दिया कि वे अपनी ओर से निजी व्यवस्था कराकर पानी उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। वहीं, सीएमओ द्वारा तत्काल जलापूर्ति की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।




