'बिटिया अभियान' के तहत छात्राओं ने किया शासकीय कार्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण
खैरागढ़। 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना अंतर्गत “बिटिया अभियान” के तहत कलेक्टर इंद्रजीत एस अग्रवाल के निर्देशानुसार एवं महिला व बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में शासकीय विद्यालय दिलीपपुर की 30 बालिकाओं को प्रशासनिक कार्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली व सरकारी योजनाओं से परिचित कराना था।

भ्रमण के दौरान सबसे पहले कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों ने बालिकाओं को प्रशासनिक व्यवस्था, जनसमस्या निवारण, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और कैरियर गाइडेंस की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस थाना खैरागढ़ में थाना प्रभारी कक्ष, डायल 112, साइबर सेल, महिला सेल और सुरक्षा उपकरणों के संबंध में अवगत कराया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग में जिला कार्यक्रम अधिकारी पी.आर. खुटेल ने महतारी वंदन, नोनी सुरक्षा, सुकन्या समृद्धि, महिला हेल्पलाइन 181 जैसी कल्याणकारी योजनाओं से बालिकाओं को परिचित कराया। वहीं जिला बाल संरक्षण इकाई और सखी वन स्टॉप सेंटर के भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने बाल संरक्षण, संकटग्रस्त बच्चों की सहायता और महिला सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। जिला मिशन समन्वयक वृन्दा हनवत ने छात्राओं को आत्मनिर्भरता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। अंत में बालिकाओं की जिज्ञासाओं का समाधान कर स्वल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।




