132 केवी सब-स्टेशन का पावर ट्रांसफॉर्मर खराब, किसानों की बढ़ी परेशानी
गंडई-पैलीमेटा, उदयपुर और बुंदेली क्षेत्र में 10-12 दिनों से कृषि पंपों को पर्याप्त बिजली नहीं, फसल पकने के दौर में सिंचाई संकट
गंडई। गंडई 132 केवी सब-स्टेशन का पावर ट्रांसफॉर्मर पिछले करीब 10 दिनों से खराब होने के कारण क्षेत्र के किसानों को कृषि पंपों के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। जानकारी अनुसार गंडई सब-स्टेशन से जुड़े कृषि कनेक्शनों की बिजली शाम करीब 5-6 बजे से सुबह 7 बजे तक लगातार बंद रखी जा रही है। इसके अलावा दिन में भी दो-तीन घंटे के अंतराल में बिजली कटौती होने से किसानों को पूरे दिन में महज करीब 6-7 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इसका असर गंडई, पैलीमेटा, उदयपुर और बुंदेली क्षेत्र के कई गांवों में सिंचाई व्यवस्था पर पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा चिंता इस बात को लेकर है कि इस समय फसल पकने की स्थिति में है और तेज गर्मी के बीच फसलों को पर्याप्त पानी की जरूरत है।
सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार ने बताया कि किसानों को समस्या से राहत दिलाने के लिए कलेक्टर के साथ-साथ बिजली विभाग के एई, सीई और जेई स्तर के अधिकारियों से चर्चा की गई है। अधिकारियों की ओर से फिलहाल व्यवस्था सुधारने में करीब एक माह लगने की बात कही गई है। वहीं ठेलकाडीह में भी इसी क्षमता का पावर ट्रांसफॉर्मर खराब होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि वहां नया ट्रांसफॉर्मर पहुंच चुका है और दो-तीन दिन में उसके चालू होने की उम्मीद जताई गई है। इसके बाद ठेलकाडीह क्षेत्र से कुछ हद तक बिजली व्यवस्था संभालने की बात कही गई है।
गंडई क्षेत्र के अलावा उदयपुर, बुंदेली-विचारपुर और पैलीमेटा सब-स्टेशन से जुड़े गांव भी इस बिजली संकट से प्रभावित बताए जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि फसल पकने के महत्वपूर्ण समय में सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से चिंता बढ़ गई है। खम्हन ताम्रकार के अनुसार वह लगातार किसानों की समस्या को लेकर अधिकारियों के संपर्क में है और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा कलेक्टर से भी इस संबंध में चर्चा की गई है।




