समनापुर में पशुधन प्रदर्शनी व मेला, वैज्ञानिक पशुपालन अपनाने पर जोर

समनापुर में पशुधन प्रदर्शनी व मेला, वैज्ञानिक पशुपालन अपनाने पर जोर

साल्हेवारा। ग्राम समनापुर में पशुधन विकास विभाग द्वारा जिला एवं सह-खंड स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी और मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और पशुपालक शामिल हुए। कार्यक्रम में पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ बताते हुए आधुनिक एवं वैज्ञानिक पद्धतियां अपनाने पर जोर दिया गया। मुख्य अतिथि यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि पशुपालन न केवल किसानों की अतिरिक्त आय का स्रोत है, बल्कि कृषि व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने पशुपालकों से बेहतर नस्ल, पोषण और प्रबंधन तकनीकों का उपयोग कर उत्पादन बढ़ाने की अपील की।

मेले में विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, पशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और उन्नत पशुपालन तकनीकों की जानकारी प्रदर्शनी के माध्यम से दी गई। उत्कृष्ट पशुपालकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और ग्रामीणों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। पशु चिकित्सा विभाग से डॉ. सुधीर कुमार जैन, डॉ. शिवांगी खरे, डॉ. आर. पी. टंडन और डॉ. योगेश कटारे सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन को क्षेत्र में पशुपालन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।