रैम्प कार्यक्रम के अंतर्गत एमएसएमई के लिए उद्यमिता विकास कार्यक्रम का सफल समापन
खैरागढ़. जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने, नए उद्यमियों को प्रोत्साहित करने तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र में व्यवसाय प्रारंभ करने की प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से रैम्प कार्यक्रम के अंतर्गत उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी – लैप बैच 4) का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 19 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक भाजपा कार्यालय, खैरागढ़ में आयोजित हुआ, जिसका समापन आज 30 जनवरी 2026 को सफलतापूर्वक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, महिला उद्यमियों, स्व-सहायता समूह सदस्यों, नवउद्यमियों एवं नए व्यवसाय प्रारंभ करने के इच्छुक प्रतिभागियों को उद्यम स्थापना, प्रबंधन तथा शासकीय सहायता योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता एवं उद्यमियों के प्रकार, स्थानीय संसाधनों के आधार पर व्यावसायिक विचारों की पहचान, छत्तीसगढ़ में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन, वनोपज, हथकरघा एवं हस्तशिल्प, धातु निर्माण एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के अवसरों की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही जिलावार एक जिला एक उत्पाद अवसरों, व्यवहार्य व्यावसायिक विचारों की पहचान तथा उद्योग रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण सत्र के दौरान विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक उदाहरण साझा किए गए तथा प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम में जिलेभर से 35 इच्छुक प्रतिभागियों, नए उद्यमियों, स्व-सहायता समूह सदस्यों एवं नवउद्यम प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान समूह चर्चा कराई गई तथा प्रतिभागियों से प्रतिक्रिया प्रपत्र भी भरवाए गए। कुल 28 प्रतिभागियों का उद्यम पंजीयन पोर्टल पर पंजीकरण किया गया।
प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक बताया। कार्यक्रम में मास्टर प्रशिक्षक पारुल पाण्डेय, संभागीय समन्वयक लोकेश सिन्हा तथा तुषार साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समापन अवसर पर चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



