सुशासन तिहार शिविर से पहले भंडारपुर पंचायत सचिव नेमीचंद वर्मा का निधन
खैरागढ़. जनपद पंचायत खैरागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत भंडारपुर में आयोजित होने वाले सुशासन तिहार जनसमस्या निवारण शिविर से ठीक पहले पंचायत क्षेत्र को बड़ा आघात लगा है। भंडारपुर पंचायत के सचिव नेमीचंद वर्मा का रविवार रात रायपुर स्थित नारायणा हॉस्पिटल में आकस्मिक निधन हो गया। बताया गया कि रात लगभग 10:15 बजे उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों में शोक की लहर फैल गई।
नेमीचंद वर्मा लंबे समय से पंचायत कार्यों से जुड़े हुए थे और सुशासन तिहार के तहत 11 मई को आयोजित होने वाले जनसमस्या निवारण शिविर की तैयारियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उनके अचानक निधन से भंडारपुर सहित आसपास के पंचायत क्षेत्रों में गहरा दुख व्याप्त है। पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने उन्हें कर्मठ, सरल स्वभाव और जनहित के कार्यों के प्रति समर्पित अधिकारी बताते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है।
इधर, राज्य सरकार के निर्देशानुसार सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत भंडारपुर क्लस्टर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाना है, जिसमें भंडारपुर सहित गर्रापार, खम्हारडीह, अचानकपुर नवागांव, टेकापार, गुमानपुर, टोलागांव और अन्य पंचायतों के ग्रामीण शामिल होंगे। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को शिविर में उपस्थित रहकर आमजनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए हैं। हालांकि शिविर से पहले पंचायत सचिव के निधन ने पूरे आयोजन को भावुक माहौल में बदल दिया है।



