गातापार स्कूल फिर विवादों में: शिक्षिका ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप, डीईओ से की शिकायत
खैरागढ़.वनांचल क्षेत्र के गातापार जंगल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला एक बार फिर विवादों में आ गया है। पूर्व में वेतन रोकने और प्रबंधन विवाद को लेकर सुर्खियों में रहे इस स्कूल में अब एक महिला शिक्षिका ने प्रभारी प्राचार्य ममता अग्रवाल पर मानसिक प्रताड़ना, भेदभाव और प्रशासनिक अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को व्याख्याता रेणू मालवीय ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
अवकाश से लेकर प्रभार तक भेदभाव के आरोप
शिक्षिका ने शिकायत में बताया कि उन्हें संतान पालन अवकाश के लिए बार-बार आवेदन करने के बावजूद अनुमति नहीं दी गई, जबकि अन्य शिक्षकों को यह सुविधा दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि वरिष्ठता क्रम में दूसरे स्थान पर होने के बावजूद उन्हें कभी भी प्रभार नहीं दिया गया और सहायक केंद्र अध्यक्ष जैसे दायित्वों से भी वंचित रखा गया। साथ ही उपस्थिति पंजी में अनियमितता और कुछ कर्मचारियों को अनुचित लाभ देने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

बीमार बच्ची के बावजूद नहीं मिली राहत
शिकायत में शिक्षिका ने बताया कि उनकी बच्ची की बोर्ड परीक्षा के दौरान तबीयत अत्यंत खराब थी, बावजूद इसके उन्हें अवकाश नहीं दिया गया। यहां तक कि जिला शिक्षा अधिकारी के मौखिक निर्देश के बाद भी उन्हें अवकाश नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि एकल अभिभावक होने के कारण वे गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रही हैं और इसका असर उनके स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है।
बोर्ड कार्य में अनियमितता का भी आरोप
शिक्षिका ने यह भी आरोप लगाया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल के नियमों की अनदेखी करते हुए एक ऐसे कर्मचारी की ड्यूटी बोर्ड परीक्षा कार्य में लगाई गई, जिसका परिजन उसी परीक्षा में शामिल था, जिससे गोपनीयता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने इस पूरे मामले को महिला कर्मचारियों के लिए असुरक्षित कार्य वातावरण बताते हुए महिला आयोग और आंतरिक शिकायत समिति को भी शिकायत की प्रतिलिपि भेजी है।
पहले भी विवादों में रहा स्कूल, अब फिर बढ़ा तनाव
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में भी इसी स्कूल में प्राचार्य और शिक्षकों के बीच विवाद, वेतन रोकने और शिक्षण व्यवस्था बिगड़ने की शिकायतें सामने आई थीं, जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी को निरीक्षण कर सुधार के निर्देश देने पड़े थे। इसके बावजूद हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। अब ताजा शिकायत के बाद एक बार फिर स्कूल का माहौल विवादों के घेरे में है।
यदि किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त हुई है तो उसे गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
लालजी द्विवेदी, डीईओ केसीजी



