गैर-शिक्षक कर्मचारियों की हड़ताल का असर, प्रभारी कुलसचिव की प्रतिनियुक्ति समाप्त
शासन का बड़ा फैसला, डॉ. सौमित्र तिवारी को मूल पदस्थापना बिलासपुर भेजा गया
खैरागढ़. इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में गैर-शिक्षक एवं कल्याणकारी संघ के संयुक्त मोर्च के कर्मचारियों की लगातार दूसरे दिन जारी हड़ताल का असर अब शासन स्तर पर दिखाई देने लगा है। छत्तीसगढ़ शासन, उच्च शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभारी कुलसचिव डॉ. सौमित्र तिवारी की प्रतिनियुक्ति समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार डॉ. तिवारी को तत्काल प्रभाव से उनकी मूल पदस्थापना अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर में पदस्थ किया गया है। यह आदेश महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से अवर सचिव फबिओला बड़ा द्वारा राज्यपाल के नाम से जारी किया गया।
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय में गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ द्वारा कुलसचिव की कार्यशैली, मानसिक उत्पीड़न, अनुचित कार्यभार, प्रशासनिक पक्षपात और विकास कार्यों में बाधा जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए हड़ताल की जा रही थी। कर्मचारियों ने सुंदरकांड पाठ के साथ शांतिपूर्ण आंदोलन की शुरुआत की थी और कुलसचिव की लगातार अनुपस्थिति को प्रशासनिक लापरवाही बताया था। कर्मचारियों द्वारा कुलपति, एसपी और कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन के बाद यह मामला शासन स्तर तक पहुंचा। अब प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के आदेश को कर्मचारियों की मांगों के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है। हालांकि गैर शिक्षक कर्मचारी संघ अध्यक्ष प्रखर शरण सिंह का कहना है कि लंबित मांगों पर ठोस निर्णय और स्थायी समाधान होने तक आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।



