बुढ़ानभाट में पाँच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण संपन्न, नई शिक्षा नीति पर केंद्रित रहा फोकस
खैरागढ़. छुईखदान जोन के अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बुढ़ानभाट में 6 से 10 जनवरी तक पाँच दिवसीय एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी) प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी गिरेंद्र सुधाकर और बीआरसी दुष्यंत कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में कक्षा 1 से 3 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों को नवीन पाठ्यपुस्तक उन्मुखीकरण और नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में बच्चों में मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान विकसित करने के लिए भाषा और गणित के चार-चार मॉडल, टीएलएम, शिक्षक संदर्शिका, शिक्षक डायरी और ‘तरिया के दर्पण’ जैसे नवाचारों का उपयोग विस्तार से समझाया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बहुभाषी विकास के अंतर्गत छत्तीसगढ़ी, हिन्दी और अंग्रेजी के माध्यम से सीखने के तरीके तथा बच्चों को पर्यावरण से जोड़ने के उपाय भी बताए गए। डाइट खैरागढ़ के व्याख्याता विद्याकांत महोबिया और मास्टर ट्रेनर दयाल बंजारे, दशरथ भारती, केवल मंडावी, उमेश साहू व राघवेंद्र वर्मा ने शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। समापन अवसर पर बीआरसी दुष्यंत कुमार शर्मा ने शिक्षकों को विद्यालयों में नवाचारी और प्रभावी शिक्षण लागू करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सभी मिलकर ब्लॉक और जिले को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट बनाएंगे। यह जानकारी प्रधान पाठक तुलेश्वर कुमार सेन ने दी।



