महरूमकला में बच्चों ने रंगों और शब्दों से गढ़ा सेवा-संकल्प
चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह, राष्ट्रप्रेम और स्वच्छता का दिया संदेश
खैरागढ़. सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम महरूमकला स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में 19 सितंबर को चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता, सेवा भावना और संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कैनवास पर उभरा स्वच्छ और गौरवशाली गांव का सपना
चित्रकला प्रतियोगिता में “स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत” और “मेरा गांव-मेरा गौरव” विषय रखे गए। विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से स्वच्छता, अपने गांव और बेहतर समाज की कल्पना को कागज पर उतारा। वहीं भाषण प्रतियोगिता में “सेवा ही संकल्प है” और “शिक्षा का महत्व” विषय पर विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम हैं ऐसी प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष भोज बंजारे के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास होता है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा की भावना पहुंचाना है।
शाला परिवार और ग्रामीणों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में बूथ अध्यक्ष कमलेश साहू, सरपंच उत्तरा वर्मा, उपसरपंच संजय वर्मा, शाला विकास समिति अध्यक्ष ताकेश्वर वर्मा, धर्मेंद्र वर्मा, शिक्षक महिपाल, गोवर्धन सेन, शिक्षिका अंजू वर्मा, उइके मैम सहित शाला परिवार, ग्राम के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




