नल कनेक्शन के दावे पर दनिया पंचायत ने मांगे दस्तावेज, 7 दिन में जवाब का नोटिस

नल कनेक्शन के दावे पर दनिया पंचायत ने मांगे दस्तावेज, 7 दिन में जवाब का नोटिस

सीएम हेल्पलाइन शिकायत के बाद नल कनेक्शन काटने के आरोप पर सरपंच ने रखा पक्ष, कहा- कार्रवाई का आरोप भ्रामक

छुईखदान. ग्राम पंचायत दनिया में नल कनेक्शन को लेकर सामने आए विवाद के बीच सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद नल कनेक्शन काटने और परेशान करने के लगाए जा रहे आरोपों पर सरपंच मंगलू राम साहू ने पंचायत का पक्ष स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि पंचायत की ओर से किसी व्यक्ति का नल कनेक्शन शिकायत करने के कारण काटने अथवा जानबूझकर परेशान करने की कार्रवाई नहीं की गई है। सरपंच के अनुसार, मामले में वास्तविक स्थिति नल कनेक्शन की अनुमति और जलकर भुगतान से जुड़े दस्तावेजों से स्पष्ट होगी। इसी संबंध में पंचायत ने अश्वनी कुमार निर्मलकर को 24 सितंबर को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर नल कनेक्शन की अनुमति, जलकर भुगतान की रसीद और अन्य संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा है। पंचायत का कहना है कि उपलब्ध अभिलेखों में प्रथमदृष्टया संबंधित अनुमति और भुगतान के दस्तावेज नहीं मिल रहे हैं, इसलिए संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया है।

सरपंच बोले- शासकीय भूमि से जुड़ी प्रक्रिया को शिकायत से जोड़ना उचित नहीं

सरपंच मंगलू राम साहू ने यह भी कहा कि घर तोड़ने या जानबूझकर परेशान करने का आरोप भी सही नहीं है। पंचायत के अनुसार, शासकीय भूमि से संबंधित मामले में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया को नियमानुसार आगे बढ़ाया जा रहा है और इसे व्यक्तिगत शिकायत या विवाद से जोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पंचायत का उद्देश्य किसी व्यक्ति को दोषी ठहराना नहीं, बल्कि जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े नल कनेक्शन, अनुमति और जलकर भुगतान की वास्तविक स्थिति अभिलेखों के आधार पर स्पष्ट करना है। नोटिस में भी संबंधित व्यक्ति को दस्तावेज एवं लिखित स्पष्टीकरण देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। पंचायत के अनुसार, जवाब और दस्तावेज मिलने के बाद उनका परीक्षण किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।