खैरागढ़ विधायक ने विधानसभा में उठाए क्षेत्र के मुद्दे, मंत्रियों ने दिए जवाब
रिपोर्टर उमेश्वर वर्मा
रायपुर. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले से संबंधित कई महत्वपूर्ण सवालों पर बुधवार को विधानसभा में चर्चा हुई। क्षेत्र की विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा ने स्वास्थ्य सुविधाओं, ग्राम पंचायतों के जीईएम पोर्टल पंजीयन और पुलिस विभाग में संलग्न निजी वाहनों के मुद्दों पर सवाल उठाए। संबंधित मंत्रियों ने इन सवालों के जवाब सदन में रखे।
स्वास्थ्य सुविधाओं का ब्योरा पेश
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में एक जिला अस्पताल, एक सिविल अस्पताल, तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 83 उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। इन संस्थाओं में स्वीकृत, कार्यरत और रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी पुस्तकालय में उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने यह भी बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने के लिए वित्त विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है।

मातृ एवं शिशु मृत्यु दर और एम्बुलेंस सेवाओं की स्थिति स्पष्ट
मंत्री श्री जायसवाल ने बताया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर का आंकड़ा जिलेवार संधारित नहीं किया जाता, बल्कि यह राज्य स्तर पर जारी किया जाता है। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान, सुमन, जननी सुरक्षा योजना और जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में दो मोबाइल मेडिकल यूनिट, छह महतारी एक्सप्रेस 102 एम्बुलेंस और चार 108 एम्बुलेंस सुचारू रूप से संचालित हैं।

बीमारी नियंत्रण के लिए चलाए गए विशेष अभियान
मंत्री ने जानकारी दी कि जिले में मलेरिया नियंत्रण के लिए 25 जून से 31 जुलाई 2025 तक मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान चलाया गया। डेंगू की रोकथाम के लिए नियमित जांच और जागरूकता अभियान जारी है। राष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत 83.79 प्रतिशत लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। टीबी उन्मूलन के लिए निक्षय-निरामय छत्तीसगढ़ अभियान के तहत 93.49 प्रतिशत संभावित मरीजों की जांच की गई और 299 क्षय रोगियों की पहचान कर उनका उपचार शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि जिले में 99 जांच केंद्र हैं और विभिन्न स्तरों पर 16 लैब टेक्नीशियन कार्यरत हैं। सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां उपलब्ध हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले के 39,670 हितग्राहियों को लाभ मिला है।
सभी ग्राम पंचायतें जीईएम पोर्टल पर पंजीकृत
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने विधायक के सवाल के जवाब में स्पष्ट किया कि जिले की सभी 221 ग्राम पंचायतों का जीईएम पोर्टल पर पंजीयन पूरा हो चुका है।

पुलिस विभाग में संलग्न निजी वाहनों का मामला

गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने पुलिस विभाग में किराए के निजी वाहनों को लेकर पूछे गए सवाल पर बताया कि जिला राजनांदगांव में वाहनों को किराये पर लेने के लिए निविदा आमंत्रित की गई थी। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-चौकी में निविदा नहीं बुलाई गई, बल्कि राज्य शासन के वित्तीय निर्देशों के अनुपालन में वाहन किराए पर लिए गए। उन्होंने यह भी बताया कि हल्के वाणिज्यिक वाहनों को छोड़कर अधिकांश वाहनों के पास टैक्सी परमिट है। बिना टैक्सी परमिट वाले हल्के वाहनों से परिवहन विभाग के नियमानुसार टैक्सी शुल्क की राशि काटकर जमा की जा रही है।



