पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में शशांक साहु को अहम जिम्मेदारी, बलरामपुर सीट के प्रभारी नियुक्त
खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी ने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज करते हुए छत्तीसगढ़ के प्रदेश युवा मोर्चा आईटी सह-प्रमुख शशांक साहु (बंटी) को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें पुरुलिया लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत बलरामपुर विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया है। इस जिम्मेदारी के तहत वे चुनावी रणनीति, संगठन समन्वय और बूथ स्तर की गतिविधियों की निगरानी करेंगे। जिम्मेदारी मिलने के बाद शशांक साहु पश्चिम बंगाल पहुंच चुके हैं और चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं।
शशांक साहु ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करेंगे तथा पार्टी के विजय संकल्प को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पार्टी ने उन्हें बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा था, जहां उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी। संगठन में लगातार मिल रही जिम्मेदारियों को कार्यकर्ताओं के प्रति विश्वास और परिश्रम का परिणाम बताते हुए उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य संगठन को मजबूत करना और पार्टी की जीत सुनिश्चित करना है।



