लोककला और संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का सशक्त माध्यम है मानसगान : विक्रांत सिंह
धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों से नई पीढ़ी संस्कारों से जुड़ती है : विक्रांत सिंह
खैरागढ़. ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम मालुद, सण्डी, केराबोरी में परंपरागत लोककला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मानसगान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं मानसगान मंडलियों के स्वागत के साथ की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि मानसगान प्रतियोगिता के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य, प्रेम और त्याग की भावना जन-जन तक पहुंचती है। उन्होंने कहा कि आज के समय में इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी परंपरा, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का कार्य होता है। ऐसे आयोजन समाज में सद्भाव, एकता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।
सिंह ने आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में इस तरह के कार्यक्रम लोककला और लोकसंस्कृति को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को हर संभव सहयोग देने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली। ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर डॉ. चंदू वर्मा, सरपंच उर्मिला राजकुमार वर्मा, चेतन वर्मा, मनीराम साहू, बसंत साहू, ललित साहू, जगत साहू, विजय क्षत्रीय सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं मानसगान प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विभिन्न मानसगान मंडलियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।



