इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय का बदला नाम, अब ‘राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय’ के नाम से होगी नई पहचान

इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय का बदला नाम, अब ‘राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय’ के नाम से होगी नई पहचान

खैरागढ़। खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण निर्णय सामने आया है। विश्वविद्यालय के नाम परिवर्तन प्रस्ताव को राज्य शासन से स्वीकृति मिल गई है, जिसके बाद अब यह संस्थान राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय के नाम से जाना जाएगा। लंबे समय से चल रही प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय को नई आधिकारिक पहचान मिलने का रास्ता साफ हो गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह पहल संस्थान की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक मूल्यों और संस्थापक परिवार के योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय के नाम परिवर्तन का सुझाव राज्यपाल एवं कुलाधिपति की ओर से दिया गया था। इसके बाद कुलपति लवली शर्मा के निर्देशन में विश्वविद्यालय प्रशासन ने आवश्यक दस्तावेजों और औपचारिक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा। शासन द्वारा आवश्यक दस्तावेजों की मांग किए जाने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने जरूरी अभिलेख उपलब्ध कराए, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर परीक्षण और विचार-विमर्श के बाद प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी स्वीकृति पत्र के साथ इस प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे खैरागढ़ राजपरिवार की कला, संगीत और शिक्षा के क्षेत्र में दी गई ऐतिहासिक देन को स्थायी सम्मान देने वाला निर्णय बताया है। देश और प्रदेश में कला एवं संगीत शिक्षा के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान रखने वाले इस संस्थान से अनेक कलाकार और सांस्कृतिक प्रतिभाएं निकल चुकी हैं। विश्वविद्यालय प्रबंधन का मानना है कि नाम परिवर्तन का यह निर्णय नई पीढ़ी को संस्थान की मूल पहचान और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।