समाजसेवा से स्काउटिंग नेतृत्व तक का सफर, भागवत शरण सिंह बने केसीजी जिले के जिला मुख्य आयुक्त

समाजसेवा से स्काउटिंग नेतृत्व तक का सफर, भागवत शरण सिंह बने केसीजी जिले के जिला मुख्य आयुक्त

खैरागढ़. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के लिए गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। समाजसेवा, जनजागरण और जनहित के मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहने वाले समाजसेवी भागवत शरण सिंह को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ ने जिले का जिला मुख्य आयुक्त (District Chief Commissioner) नियुक्त किया है। राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें आगामी आदेश तक जिले में संगठन के सर्वोच्च जिला पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स विश्व का सबसे बड़ा युवा संगठन माना जाता है, जो बच्चों और युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का कार्य करता है।

भागवत शरण सिंह लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक विरासत संरक्षण तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनकी इसी प्रतिबद्धता और समाजहित में किए गए कार्यों को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों का मानना है कि उनके नेतृत्व में जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों का विस्तार होगा तथा अधिक से अधिक विद्यालयों और युवाओं को संगठन से जोड़ा जा सकेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में नई इकाइयों के गठन, नेतृत्व विकास प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा के कार्यक्रमों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

नियुक्ति के बाद भागवत शरण सिंह ने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की जीवनशैली है। उन्होंने जिले के युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने और समाजहित के कार्यों से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया। उनकी नियुक्ति पर सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, स्काउट-गाइड पदाधिकारियों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है। लोगों ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में स्काउट्स एवं गाइड्स आंदोलन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।