19.30 किमी सड़क पर 51.32 लाख का रोड फर्नीचर वर्क, ग्राउंड पर गिने-चुने नए बोर्ड नजर आए
खैरागढ़. एक मीडिया की संयुक्त टीम की ग्राउंड रिपोर्ट में खैरागढ़ डिवीजन के अंतर्गत तीन मार्गों पर कराए गए रोड फर्नीचर वर्क की वास्तविक स्थिति सामने आई है। सर्राकापा से खौड़ा ढाबा तक 2 किमी, सिंघौरी से घोटवानी सरहद तक 3.70 किमी और खैरागढ़-लांजी मार्ग पर 13.60 किमी, यानी कुल 19.30 किमी लंबाई में यह काम कराया गया है। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार काम की पीएसी 44.70 लाख रुपए थी और ठेका 14.800 प्रतिशत अधिक दर पर होने से अनुबंधित राशि करीब 51.32 लाख रुपए रही। काम का वर्क ऑर्डर 16 जनवरी 2025 को जारी हुआ था और पूर्णता की निर्धारित अवधि 30 मार्च 2025 थी।
तीन सड़कों पर पांच दिन की ग्राउंड रिपोर्ट में गिने 160 बोर्ड
मीडिया टीम ने लगातार पांच दिनों तक तीनों सड़कों पर लगे रोड फर्नीचर वर्क की ग्राउंड रिपोर्ट की। मौके पर सर्राकापा-खौड़ा मार्ग पर 6 साइन बोर्ड, सिंघौरी-घोटवानी सरहद मार्ग पर 4 साइन बोर्ड और खैरागढ़-लांजी मार्ग पर करीब 150-160 बोर्ड दिखाई दिए। तीनों मार्गों को मिलाकर मौके पर करीब 160-170 नए बोर्ड नजर आए। ग्राउंड पर दिखाई देने वाले बोर्डों की संख्या और उनकी स्थिति को सड़क किनारे जाकर दर्ज किया गया।
पुराने बोर्डों पर नया पेंट, नए जैसा देने की कोशिश
ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान कई स्थानों पर ऐसे बोर्ड भी दिखाई दिए, जिन पर नया पेंट किया गया था। पुराने बोर्डों को पेंट करने के बाद उन्हें नए स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है। बोर्डों को करीब से देखने पर पुराने पेंट और नए पेंट के बीच का अंतर नजर आता है। यानी सड़क किनारे लगे फर्नीचर वर्क में नए बोर्डों के साथ पुराने बोर्डों को पेंट कर दोबारा उपयोग किए जाने की स्थिति भी दिखाई दी।
कहीं बोर्ड, कहीं सिर्फ पोल पर ही हुआ पेंट
सर्राकापा से खौड़ा ढाबा, सिंघौरी से घोटवानी सरहद मार्गों पर रोड फर्नीचर वर्क के तहत कुछ गिने चुने नए लगाए गए है। लेकिन खैरागढ़ से लांजी मार्ग में मैं जमकर भ्रष्टाचार हुआ है और यहां कुछ जगहों पर केवल पोल को ही पेंट किया गया है और उस पर कोई संकेतक बोर्ड नजर नहीं आया। वहीं कुछ स्थानों पर नए बोर्ड लगाए गए हैं। इस तरह सड़क की पूरी लंबाई में रोड फर्नीचर वर्क की तस्वीर अलग-अलग दिखाई देती है।
रिकॉर्ड में भुगतान 44.30 लाख, ग्राउंड पर दिखी काम की अलग तस्वीर
विभागीय भुगतान विवरण के अनुसार 17 जून 2025 को इस कार्य का फाइनल भुगतान 44,30,329 रुपए दर्ज है। रिकॉर्ड में ठेकेदार के रूप में एमएस हाईवे सेफ्टी कॉरपोरेशन का उल्लेख है। कार्य का नाम तीनों मार्गों के कुल 19.30 किमी रोड फर्नीचर वर्क के रूप में दर्ज है। दस्तावेजों में दर्ज भुगतान और अनुबंधित राशि के बीच की जानकारी के साथ जब मौके की स्थिति को देखा गया तो सड़क किनारे लगे बोर्ड, पुराने बोर्डों पर किया गया पेंट और केवल पोल पर किया गया पेंट—तीनों तस्वीरें ग्राउंड पर साफ नजर आईं।




