11 केवी लाइन की चपेट में आया युवक, पेड़ छंटाई के दौरान दर्दनाक मौत; सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
खैरागढ़. खैरागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम टोलागांव में बिजली लाइन से सटे पेड़ों की छंटाई के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान पेंड्रीकला निवासी हेमंत साहू के रूप में हुई है, जो विद्युत विभाग के ठेका कार्य के तहत लाइन क्लियरेंस का काम कर रहा था। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं इस घटना ने हाईटेंशन लाइन के पास कराए जा रहे कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्कूल परिसर के पास चल रहा था काम, तभी हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बरसात पूर्व बिजली तारों से टकराने वाले पेड़ों की छंटाई के लिए विद्युत विभाग का ठेका अमला टोलागांव पहुंचा था। गांव के स्कूल परिसर के पास 11 केवी लाइन के नीचे पेड़ों की कटाई की जा रही थी। इसी दौरान लंबी आरी का ऊपरी हिस्सा बिजली तार से टकरा गया और हेमंत साहू तेज करंट की चपेट में आ गया। साथी कर्मी तत्काल उसे जिला अस्पताल खैरागढ़ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर सरपंच ने बताई घटना
ग्राम सरपंच देवेंद्र साहू ने बताया कि उन्हें सुबह घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों से मिली। ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत विभाग की टीम विभागीय वाहन के साथ स्कूल परिसर के पास पेड़ छंटाई का काम कर रही थी। इसी दौरान एक दिशा की लाइन बंद थी, जबकि दूसरी ओर से गुजर रही लाइन चालू होने की बात सामने आई। पेड़ की डाल काटते समय आरी का संपर्क चालू लाइन से हो गया, जिससे युवक करंट की चपेट में आ गया। सरपंच ने स्पष्ट किया कि यह किसी किसान के बुलावे पर नहीं, बल्कि विभागीय कार्यवाही के तहत किया जा रहा काम था।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल, जांच की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के आसपास कार्य के दौरान यदि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और पूरी लाइन शटडाउन की व्यवस्था की जाती, तो शायद एक युवक की जान बचाई जा सकती थी।



