पत्थर खदान से 25 हजार का 300 फीट थ्री-फेस केबल चोरी
5 अक्टूबर की रात से 6 अक्टूबर सुबह के बीच वारदात, खदान मैनेजर की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR
खैरागढ़.ग्राम कलकसा स्थित पत्थर खदान से करीब 25 हजार रुपये कीमत का 300 फीट थ्री-फेस केबल वायर चोरी होने का मामला सामने आया है। खदान के मैनेजर प्रमोद कुमार पिता रिखीराम साहू, निवासी ग्राम साल्हेभर्री ने 6 अक्टूबर को खैरागढ़ थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि जितेंद्र जोगेवार की पत्थर खदान/क्रेशर में लगे 5 हॉर्सपावर के पंप के लिए यह केबल वायर लगाया गया था। अज्ञात व्यक्ति इसे 5 अक्टूबर की रात करीब 10.15 बजे से 6 अक्टूबर की सुबह 8 बजे के बीच चोरी कर ले गया।
शिकायत के मुताबिक घटना ग्राम कलकसा की पत्थर खदान में हुई, जो खैरागढ़ थाना क्षेत्र से करीब 12 किलोमीटर दक्षिण दिशा में है। मैनेजर को खदान में लगा करीब 300 फीट लंबा थ्री-फेस केबल गायब मिला, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। शिकायत के आधार पर खैरागढ़ पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना सहायक उप निरीक्षक प्रकाश राम सोनी कर रहे हैं और पुलिस अब चोरी गए केबल की बरामदगी तथा आरोपी की पहचान के लिए जांच कर रही है।




