पिपरिया वार्ड में होगा भव्य ‘सनातन प्रेरणा महोत्सव’, राम कथा और झांकियों से सजेगा पूरा क्षेत्र
खैरागढ़. पिपरिया वार्ड नंबर–02 में आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा से ओतप्रोत भव्य सनातन प्रेरणा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर श्रीराम जी की मर्यादा और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से दो दिवसीय श्रीराम कथा, जस झांकी एवं फाग झांकी का आयोजन होगा। आयोजन की शुरुआत 21 जनवरी 2026 को प्रातः 9 बजे श्रीराम श्रृंगार एवं हवन–पूजन के साथ होगी, जिसके बाद अमृत मेला मानस मंडल पिपरिया द्वारा शुभारंभ मानस गान, करण जंघेल (मुरई) द्वारा शिव–पार्वती कथा, दाई के दुलार मानस परिवार (गुरुर, बालोद) तथा दाई के दुलरवा जस झांकी परिवार (पटपर, डोंगरगढ़) द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
22 जनवरी को राम–हनुमान आरती और देशभर की झांकियों से सजेगा आयोजन
महोत्सव के दूसरे दिन 22 जनवरी 2026 को प्रातः 9 बजे श्रीराम एवं हनुमान जी की आरती के साथ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ होगा। इस दिन समर्पण मानस परिवार (धरमपुरा, रायपुर), जय गुरुदेव संकीर्तन मानस परिवार (परसदाकला, गरियाबंद), दास बिलास जय अंबे जस झांकी परिवार (मुदिया–मोहारा) और दिया के अंजोर लोक फाग एवं झांकी परिवार (पेंड्रा, गुंडरदेही) अपनी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।
23 जनवरी को मंडई मेला, श्रद्धा और लोकसंस्कृति का अनूठा संगम
वहीं 23 जनवरी को पारंपरिक मंडई मेला का आयोजन किया जाएगा, जो इस उत्सव को और भी रंगीन बनाएगा। समस्त वार्डवासी पिपरिया वार्ड नं.–02 ने क्षेत्रवासियों से इस धार्मिक और सांस्कृतिक महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। आयोजन समिति ने बताया कि यह महोत्सव सनातन संस्कृति, लोककला और रामभक्ति का संगम होगा, जो पूरे खैरागढ़ क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेगा।



