धान अंतर राशि भुगतान से किसानों के चेहरे खिले, होली से पहले खातों में पहुंची करोड़ों की राशि
खैरागढ़. प्रदेश सरकार द्वारा धान खरीदी की अंतर राशि का भुगतान किसानों के खातों में सीधे हस्तांतरित किए जाने से जिले के अन्नदाताओं में उत्साह का माहौल है। शासन के अनुसार प्रदेशभर में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों को दी गई है, वहीं जिले के 66,281 किसानों को कुल 27,308.42 लाख रुपये का भुगतान सीधे बैंक खातों में किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद सभापति ज्योति जघेल ने किसानों को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के परिश्रम का सम्मान करने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और किसानों ने कहा कि इस योजना से होली से पहले ग्रामीण क्षेत्रों में खुशियां दोगुनी हो गई हैं और खेती से जुड़े परिवारों को बड़ी राहत मिली है। वक्ताओं ने प्रदेश की प्रगति और किसान समृद्धि को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए इस पहल को जनसेवा का उदाहरण बताया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता आनंद सिन्हा, डोमार भेड़िया, मुकेश चंदेल, लेखराम जघेल, कमलेश जघेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समिति अध्यक्ष-सदस्य और किसान मौजूद रहे। अंत में सभी अन्नदाता भाइयों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं दी गईं।



