हाई स्कूल घिरघोली और प्राथमिक शाला पुरेना में नशामुक्ति का संदेश, बच्चों ने लिया संकल्प
खैरागढ़. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर 30 जनवरी 2026 को विकासखंड छुईखदान अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला पुरेना (संकुल केंद्र घिरघोली) में श्रद्धा और अनुशासन के साथ नशामुक्ति संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महात्मा गांधी के तैलचित्र पर पूजन–अर्चन एवं दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। प्रधान पाठक तुलेश्वर कुमार सेन ने गांधीजी के प्रिय भजनों रघुपति राघव राजा राम एवं वैष्णव जन तो तेने कहिए के माध्यम से बच्चों को उनके भावार्थ समझाए और स्वतंत्रता संग्राम में गांधीजी के योगदान, उनके जीवन के छोटे-छोटे संकल्पों तथा नशामुक्त जीवन के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला। सहायक शिक्षक गोकुल राम वर्मा ने गांधीजी के जीवन परिचय से विद्यार्थियों को अवगत कराया। अंत में नशामुक्ति फ्लेक्स प्रदर्शनी एवं नारों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वयं नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

इसी क्रम में दोपहर को शासकीय हाई स्कूल घिरघोली में प्राचार्य अनिल कुमार जंघेल एवं व्याख्याता सुनील कुमार यादव के मार्गदर्शन में नशामुक्त भारत अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राज्यपाल शिक्षक सम्मान से सम्मानित शिक्षक तुलेश्वर कुमार सेन ने गीत, कविता, कहानी, चुटकुले और नारों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए जीवन को व्यक्ति, परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण में लगाने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से फैशन परस्ती और फिजूलखर्ची से दूर रहकर श्रेष्ठ नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे और सभी ने नशामुक्त जीवन का संकल्प लिया।



