फसल बीमा कराने की अंतिम तारीख 15 जनवरी, आज ही कराएं बीमा

फसल बीमा कराने की अंतिम तारीख 15 जनवरी, आज ही कराएं बीमा

खैरागढ़. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिले में फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 15 जनवरी निर्धारित की गई है। कृषि विभाग के अनुसार अब तक जिले के 39,509 किसानों की 58,560 हेक्टेयर अधिसूचित फसलों की एंट्री फसल बीमा पोर्टल पर हो चुकी है, जिसमें 15,792 अऋणी किसानों ने भी सफलतापूर्वक बीमा कराया है।

पिछले रबी सीजन में जिले के 28,037 बीमित किसानों को 48 करोड़ 62 लाख रुपये का दावा भुगतान किया गया था, जिससे योजना की उपयोगिता साबित हुई है। इस वर्ष भी जिले के 420 से अधिक गांवों के किसानों ने फसल बीमा कराया है।

किसान गेहूं (सिंचित व असिंचित), चना, अलसी और सरसों फसलों का बीमा करा सकते हैं। प्रीमियम दरें गेहूं सिंचित के लिए 690 रुपये, गेहूं असिंचित के लिए 405 रुपये, चना के लिए 645 रुपये, अलसी के लिए 315 रुपये और सरसों के लिए 375 रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित हैं। किसान आज ही अपने नजदीकी बैंक, सहकारी समिति, लोक सेवा केंद्र या बीमा पोर्टल के माध्यम से फसल बीमा कराकर योजना का लाभ उठा सकते हैं।