छुईखदान जनपद की सामान्य सभा शुक्रवार को, बजट अनुमोदन को लेकर होगा हंगामा
खैरागढ़. जनपद पंचायत छुईखदान में वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के बजट अनुमोदन को लेकर विवाद के बीच 27 फरवरी को दोपहर 2 बजे जनपद पंचायत कार्यालय के सभा कक्ष में सामान्य सभा की बैठक बुलाई गई है, जिसमें पिछली बैठक का पालन प्रतिवेदन, दोनों वित्तीय वर्षों के बजट का अनुमोदन तथा अन्य विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। बैठक से पहले ही जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। जनपद सभापति एवं सदस्य सुधीर गोलछा ने आरोप लगाया है कि पूर्व वर्षों के बजट और खर्च से जुड़े गंभीर मुद्दों को स्पष्ट किए बिना अनुमोदन के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
गोलछा ने जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायतकर्ता को सुना ही नहीं गया और जांच एकतरफा तरीके से की गई है। उनका आरोप है कि रिपोर्ट में यह तो बार-बार लिखा गया कि बजट प्रस्तुत किया गया लेकिन सदस्यों ने पास नहीं किया, पर यह नहीं बताया गया कि बजट समय पर क्यों प्रस्तुत नहीं हुआ, कितनी राशि बिना स्वीकृति के खर्च हुई और सदस्यों ने अनुमोदन से इनकार क्यों किया। उन्होंने कहा कि जांच में यह भी स्पष्ट नहीं किया गया कि बिना बजट के खर्च की गई राशि की जवाबदेही किस अधिकारी पर तय होगी तथा किस नियम के तहत पुराने बजट को बाद में अनुमोदन के लिए लाया जा रहा है।
सभापति ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सदस्यों पर बजट पारित कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और कथित रूप से प्रलोभन देने की भी कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नियमों के विपरीत निर्णय थोपने का प्रयास हुआ तो आंदोलन और कानूनी कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे।



